
रायपुर। राजधानी रायपुर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रविवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी क्वार्टरों में सघन रेड अभियान चलाया। डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल और अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने कई मकानों और संदिग्ध ठिकानों की जांच की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार और आपराधिक तत्वों की मौजूदगी की शिकायत मिल रही थी। इसी के चलते देर रात से ही पुलिस बल ने कॉलोनी को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, वहीं कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है।
रेड के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों की जांच के साथ कई कमरों और किराए के मकानों की तलाशी ली। अधिकारियों का कहना है कि कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही और आपराधिक गतिविधियों की सूचना लगातार मिल रही थी, जिसके बाद यह विशेष अभियान चलाया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह-सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया। कई घंटों तक चली कार्रवाई के दौरान आने-जाने वालों की भी जांच की गई। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जा सकता है।
