रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा अग्निकांड हो गया। छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गई। इस हादसे में शोरूम की करीब 46 बाइकें जलकर खाक हो गईं, जबकि लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय अचानक गोदाम में आग भड़क उठी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पुराने टायर और कबाड़ सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की तेज लपटें बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं। शोरूम कर्मचारियों ने कई बाइकें बाहर निकालकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग की चपेट में आकर नई और पुरानी बाइकें जल गईं। शोरूम के वर्कशॉप एरिया, कंप्रेसर और अन्य उपकरण भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दीवारों में भी दरारें आ गईं। वहीं बाहर निकाली गई कुछ बाइकों के गायब होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके बाद चोरी की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना, दमकल विभाग और कई औद्योगिक इकाइयों की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब 11 दमकल वाहनों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार प्लास्टिक सामग्री के कारण आग बार-बार सुलग रही थी, जिससे राहत कार्य में काफी दिक्कत आई।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि किसी चिंगारी या ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
