Spread the love

झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर गांव का है, जहां राशन दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शनिवार रात प्रेमनगर स्थित आरोपी दीपक जायसवाल की राशन दुकान और मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान के अंदर बने कमरे से करीब 237 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई, जिसमें लगभग 103 लीटर बीयर शामिल बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी दीपक जायसवाल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस मामले में चैनपुर थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 274 और 292 के साथ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने बताया कि इलाके में अवैध शराब बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं में असुरक्षा का माहौल बन रहा था। उन्होंने कहा कि बरामद शराब असली है या नकली, इसकी पुष्टि एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब कारोबार या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।