नूरानी चौक में आयोजित अभियान में युवाओं और नागरिकों की रही सक्रिय भागीदारी
रायपुर के नूरानी चौक स्थित राजातालाब क्षेत्र में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया।
इस अभियान का नेतृत्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नेता नवाज़ ख़ान ने किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने हस्ताक्षर कर केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया।
नवाज़ ख़ान ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और करुणा का प्रतीक मानी जाती है तथा करोड़ों लोगों की भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूती मिलेगी। साथ ही इससे गौवंश संरक्षण और संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की ओर से भी इस मांग को समर्थन दिया
रहा है और इसका उद्देश्य सामाजिक समरसता तथा आपसी सम्मान के माध्यम से सकारात्मक संदेश देना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्थायी समाधान सामाजिक संवेदनशीलता और आपसी सहयोग से ही संभव है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री Narendra Modi से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपने की बात कही। अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों को जल्द ही सरकार तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
आयोजकों ने दावा किया कि अभियान को विभिन्न वर्गों का समर्थन मिला और आने वाले समय में इसे व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
:::
