
आप कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, तुता धरना स्थल पहुंचकर डी.एड. अभ्यर्थियों को दिया समर्थन
रायपुर, 7 जून। आम आदमी पार्टी (आप) ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संघर्ष और जनसेवा के लिए हमेशा तैयार रहने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में संजय सिंह ने कहा कि जनता के अधिकारों और न्याय के लिए लड़ने वाले कार्यकर्ताओं को किसी भी चुनौती से घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जनता के हितों की रक्षा के लिए जेल भी जाना पड़े तो उससे डरना नहीं चाहिए। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की।
संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा का समुचित उपयोग जनता के हित में होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, किसानों की स्थिति और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीति में ईमानदार और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों की आवश्यकता है।
सम्मेलन के बाद सांसद संजय सिंह रायपुर के माना (तूता) स्थित धरना स्थल पहुंचे, जहां लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे डी.एड. अभ्यर्थियों से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संजय सिंह ने अभ्यर्थियों से प्रतिनिधिमंडल बनाकर सरकार से बातचीत करने की सलाह दी और कहा कि उनके मुद्दे को संसद के आगामी सत्र में भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कठिन परिस्थितियों में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत, प्रदेश सह प्रभारी सौरभ झा, समर कुमार, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, अभिषेक मिश्रा, देवलाल नरेटी, प्रदेश महासचिव वदूद आलम तथा प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी ने सम्मेलन को संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
