Spread the love

 

 

रायपुर। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए टिकरापारा थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए नशाखोरी, अड्डेबाजी और चाकूबाजी जैसी गतिविधियों में संलिप्त 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने, नशे की हालत में लोगों को परेशान करने तथा अवैध रूप से अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।

टिकरापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा का माहौल बना है तथा असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।