गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 जून 2026। जिले के गौरेला क्षेत्र के जोगीसार गांव में एक पागल कुत्ते के हमले से दहशत का माहौल बन गया है। कुत्ते ने अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर दिया, जिससे कुल 6 लोग घायल हो गए। घायलों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता बेहद आक्रामक हो गया था और सामने आने वाले हर व्यक्ति पर झपट रहा था। स्थानीय निवासी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि हमले में उनके मामा की आंख के पास गंभीर चोट आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी हिचक रहे हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल में कुल 6 घायलों को लाया गया, जिनमें 3 बच्चे हैं। तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को भर्ती कर एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पागल कुत्ते को जल्द पकड़ने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
डॉक्टरों ने सलाह दी है कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोना चाहिए तथा बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर एंटी-रेबीज टीका लगवाना चाहिए।
