
रायपुर ग्रामीण। धरसीवां खंड के ग्राम सांकरा में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़िया समाज को अपने अधिकारों, अस्मिता और भविष्य की सुरक्षा के लिए राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। समाज के हितों की रक्षा तभी संभव है जब लोग स्वयं संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आएं।
बैठक के दौरान बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता व्यक्त की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम नागरिकों, किसानों और मजदूरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित करती हैं और उनमें निराशा का वातावरण पैदा करती हैं। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में राज्य में नए शराब दुकानों के प्रस्तावित विस्तार पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव में अभी समय शेष है, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि गांवों का दौरा शुरू कर चुके हैं। इस दौरान लोगों ने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और जनता के बीच उनकी नियमित उपस्थिति पर भी सवाल उठाए।
बैठक में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि धरसीवां खंड क्षेत्र हमेशा छत्तीसगढ़िया समाज के हितों के लिए कार्य करता रहा है और भविष्य में भी समाज के अधिकारों एवं मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (CKS) के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।
किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में रखा। उन्होंने खाद, बीज, पेट्रोल और डीजल जैसी आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक विषयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि ये निर्णय क्षेत्र के विकास और छत्तीसगढ़िया समाज के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
