Spread the love

 

रायपुर। साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया द्वारा “फ्यूजन आर्ट 2026” चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सामान्य बच्चों के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत ड्रॉइंग, पेंटिंग, स्केचिंग एवं पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न कला विधाओं को शामिल किया गया। प्रतिभागियों को साइबर क्राइम, फादर्स डे और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिता को लिटिल जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित किया गया। परिणामों में लिटिल जूनियर वर्ग में विद्या यादव, जूनियर वर्ग में आरव प्रवीण चापकर तथा सीनियर वर्ग में सौम्या चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल में डॉ. तृप्ति लूनिया, सुधा गोहिल, प्रकाश शर्मा, प्रिया सिंह तथा डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, विषय की समझ और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया।

संस्था की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण विषय बन चुकी है। इसी उद्देश्य से संस्था केंद्र सरकार और साइबर विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार के सहयोग से प्रदेशभर में साइबर जागरूकता अभियान संचालित कर रही है। इन अभियानों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कला जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं तक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाए जा सकते हैं। ऐसे प्रयास समाज में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में प्रदर्शित चित्रों और पोस्टरों में साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने प्रतिभागियों की कल्पनाशीलता और विषय के प्रति उनकी समझ की सराहना की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल, सीमा छाबड़ा और तनुश्री दास का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजोपयोगी विषयों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

छत्तीसगढ़ रायपुर मेघा तिवारी