Spread the love

रायपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रायपुर के 12 वर्षीय युवा योग साधक आदित्य राजे सिंह को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए योग लीजेंड्स अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (CCCI) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी तथा एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह ने आदित्य को सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आश्रम की सरिता दीदी, स्वामी जयंत विष्णु भारती, छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

आदित्य राजे सिंह को विश्व के सबसे कम उम्र के योग विषय के पीएचडी धारकों में गिना जाता है। वे आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के प्रमाणित योग स्वयंसेवक भी हैं। इससे पूर्व उन्हें योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।

पांच वर्ष की आयु से योग प्रशिक्षण और जनजागरूकता से जुड़े आदित्य विभिन्न सरकारी विद्यालयों, किशोर सुधार गृहों तथा सामाजिक संस्थानों में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं। उनका उद्देश्य “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ जीवन” के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

योग दिवस पर मिला यह सम्मान न केवल आदित्य की उपलब्धियों का प्रमाण है, बल्कि युवाओं को योग और स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण संदेश भी है।