Spread the love

 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित शासकीय ऑब्जर्वेशन होम (प्लेस ऑफ सेफ्टी) में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां रह रहे चार बंदियों ने कथित तौर पर ड्यूटी पर तैनात 40 वर्षीय चौकीदार की हत्या कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे जिले में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और फरार बंदियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग एक वर्ष से ऑब्जर्वेशन होम में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात चारों बंदियों ने पहले चौकीदार को काबू में किया, उसके हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे परिसर से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, फरार हुए चारों बंदी पहले से गंभीर आपराधिक मामलों में निरुद्ध थे। पुलिस का मानना है कि उनका मुख्य उद्देश्य ऑब्जर्वेशन होम से भागना था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि उन्होंने पहले चौकीदार से गेट की चाबी मांगी होगी और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। हालांकि हत्या के पीछे की सटीक वजह का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जिले सहित आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

इस घटना ने ऑब्जर्वेशन होम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल के दिनों में राज्य के अन्य सुधार गृहों से भी बंदियों के फरार होने की घटनाएं सामने आने के बाद यह मामला और अधिक गंभीर माना जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।