Spread the love

 

रायपुर। विभिन्न सरकारी विभागों में लंबित भुगतान से नाराज़ प्रदेशभर के ठेकेदारों ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। ठेकेदार संघ के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ठेकेदार अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरे और सरकार से बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश के कई विभागों में विकास कार्य समय पर पूरे किए जाने के बावजूद लंबे समय से भुगतान लंबित है। उनका आरोप है कि तकनीकी प्रक्रियाओं, प्रशासनिक औपचारिकताओं और नए नियमों का हवाला देकर भुगतान में लगातार देरी की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य से जुड़े व्यवसायों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

ठेकेदारों ने बताया कि अधिकांश निर्माण कार्य बैंक ऋण, निजी निवेश और अन्य संसाधनों के सहारे पूरे किए गए हैं। भुगतान नहीं मिलने के कारण मजदूरों की मजदूरी, मशीनों की किस्त, ईंधन, निर्माण सामग्री आपूर्तिकर्ताओं के बिल और बैंक ऋण की किश्तें चुकाना मुश्किल हो गया है। इससे कई निर्माण एजेंसियों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो प्रदेश में चल रही कई विकास परियोजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उनका दावा है कि इस स्थिति का असर केवल ठेकेदारों पर ही नहीं, बल्कि इंजीनियरों, कर्मचारियों, मशीन ऑपरेटरों और हजारों श्रमिकों की आजीविका पर भी पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सभी विभागों के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने और भविष्य में समयबद्ध भुगतान व्यवस्था लागू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन, विधानसभा घेराव और अनिश्चितकालीन आंदोलन जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।