Spread the love


रायपुर, 16 जुलाई। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम जोन क्रमांक-1 के जोन आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 15 और 17 के अंतर्गत गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के आसपास बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को गंभीर जनसुरक्षा का मुद्दा बताया गया। ज्ञापन के अनुसार बारिश के समय सड़क किनारे बनी गहरी खुली नालियां पानी में डूब जाती हैं, जिससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि जलभराव वाले क्षेत्र में स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पार्टी ने प्रशासन से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से जलभराव की स्थायी व्यवस्था करने, खुली नालियों को मजबूत स्लैब से ढंकने, प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी करने तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्य शुरू कराने की मांग की गई।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन करने पर विचार करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. विजय देवांगन, संजय गुप्ता, नरेन्द्र ठाकुर, रामदयाल यादव, धनेश्वर नेताम और गोविंद दीप सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।