रायपुर, 18 जुलाई। आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ ने 21 जुलाई को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश और देश में शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता तथा जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना है।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक भाग लेंगे। आयोजन के दौरान देश और छत्तीसगढ़ की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक वातावरण की कामना की जाएगी।
आप के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि यह आयोजन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सद्भाव, नैतिक मूल्यों और जनहित की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा 20 जुलाई को रायपुर स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों तथा 21 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और सकारात्मक भागीदारी का संदेश देने की अपील की है।
