Spread the love

 

 

रायपुर, 1 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ ने E20 पेट्रोल नीति के विरोध में आयोजित राष्ट्रीय टाउनहॉल कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

पार्टी के अनुसार, शनिवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित “नेशनल टाउनहॉल” कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने किया। AAP का दावा है कि कार्यक्रम से यूट्यूब के माध्यम से 7 लाख से अधिक लोग जुड़े और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन भागीदारी की।

पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान कई वाहन मालिकों और मैकेनिकों ने E20 पेट्रोल के उपयोग से इंजन प्रदर्शन, माइलेज, वाहन के पुर्जों के घिसने और रखरखाव लागत बढ़ने जैसी समस्याओं का अनुभव साझा किया।

AAP ने आरोप लगाया कि E20 पेट्रोल नीति को पर्याप्त वैज्ञानिक अध्ययन और व्यापक परीक्षण के बिना लागू किया गया है। पार्टी ने मांग की कि जब तक इस नीति पर विस्तृत और पारदर्शी अध्ययन उपलब्ध नहीं कराया जाता तथा सभी प्रकार के वाहनों के लिए इसकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक E20 पेट्रोल के अनिवार्य उपयोग पर रोक लगाई जाए और उपभोक्ताओं को सामान्य पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, पार्टी ने कथित रूप से प्रभावित वाहन मालिकों को मुआवजा देने की भी मांग की।

पार्टी ने यह भी दावा किया कि E20 नीति के विरोध में देशभर से 2 लाख से अधिक याचिकाएं दायर की गई हैं। AAP के अनुसार, 4 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन की योजना है, जिसमें चुनिंदा याचिकाकर्ता शामिल होंगे।

AAP ने कहा कि यदि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं करती है, तो छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।