रायपुर, 30 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ ने नेशनल हाईवे और जिले की प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं तथा किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन पार्टी के “गाय हटाओ या टोल हटाओ” अभियान के तहत सौंपा गया।
पार्टी नेताओं अनुषा जोसेफ, सागर क्षीरसागर, पुनारद निषाद और महेंद्र बिसेन सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के जमावड़े के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। साथ ही किसानों की फसलों को भी नुकसान होने का दावा किया गया है।
AAP ने अपने ज्ञापन में हाल में इस विषय पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि हाईवे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। पार्टी ने यह भी कहा कि सड़कों पर ब्लैक स्पॉट और किनारों पर क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण भी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अलावा नगर निकायों में मवेशियों के लिए पर्याप्त गौशालाओं और आश्रय स्थलों की व्यवस्था, सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी तय करने तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की गई।
पार्टी ने टोल वसूलने वाली एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए हाईवे को सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। AAP ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो वह “गाय हटाओ या टोल हटाओ” अभियान के अगले चरण की शुरुआत करेगी।
