बेमेतरा। रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर नंदघाट-चिचोली के समीप स्थित संजय बाके बिहारी ढाबा में कथित रूप से टैंकर से डीजल निकालकर अवैध रूप से बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे किनारे लंबे समय से डीजल की अवैध खरीद-फरोख्त का कारोबार संचालित किया जा रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान होने के साथ-साथ वैध कारोबार करने वाले व्यवसायियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित ढाबा संचालक द्वारा आसपास के लोगों और वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता था। पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ढाबा संचालक के फरार होने की बात सामने आ रही है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ढाबे से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

