तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक सुमन झा ने नव नियुक्त सलाहकार समिति के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सुमन झा ने कहा कि समिति के सदस्यों को यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की।
बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने स्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, टिकट व्यवस्था और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
समिति के सदस्यों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। यात्रियों से मिलने वाले सुझाव और शिकायतों को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाकर उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान सलाहकार समिति के सदस्य रमेश अग्रवाल, नरेश जेतवानी, मनीष कोटवानी, दुर्गेश वर्मा एवं सनत सेन उपस्थित रहे। समिति के गठन से तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार और यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की उम्मीद बढ़ी है।
