Spread the love

रायपुर, 18 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने जलभराव में डूबने से मासूम की मौत की घटना पर दुख जताते हुए इसे बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि बारिश के दौरान रायपुर के कई इलाकों में सड़क और बस्तियां पानी में डूब जाती हैं। हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई, जल निकासी और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान को लेकर दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश शुरू होते ही जमीनी स्थिति अलग नजर आती है। उन्होंने कहा कि जलभराव अब केवल लोगों के लिए परेशानी नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नगर निगम को पहले से पता है कि किन क्षेत्रों में जलभराव होता है, तो वहां स्थायी जल निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती? नालों की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था पर खर्च के बावजूद हर साल ऐसी स्थिति दोहराने के कारणों की भी जांच होनी चाहिए।

आप नेता ने रायपुर नगर निगम की महापौर से मांग की कि मृत मासूम के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही घटना की गंभीरता से जांच कराकर जलभराव के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

उन्होंने शहर के सभी जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराने, आवश्यक स्थानों पर पंप लगाने, नालियों की सफाई कराने और सुरक्षित जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने मृत मासूम के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार और नगर निगम प्रशासन से तत्काल राहत, जवाबदेही तय करने और राजधानी में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।