Spread the love

 

रायपुर, 19 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने सूरजपुर जिले की भटगांव विधानसभा के 38 गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंचने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने इसे ग्रामीण क्षेत्रों की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि बिजली के अभाव में ग्रामीणों को आज भी कई जरूरी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

देवलाल नरेटी के मुताबिक बिजली नहीं होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर पड़ रहा है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की सुविधा भी प्रभावित होती है। स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सरकारी संस्थानों में बिजली की कमी से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी कई गांवों में बिजली की सुविधा नहीं पहुंचना अब तक की सरकारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर अभियान

AAP नेता ने बताया कि प्रदेश में बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच पार्टी ने “स्मार्ट मीटर हटाओ, बिजली बिल घटाओ” अभियान शुरू किया है। इसके तहत लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के साथ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।

पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनेंगे और बिजली बिल से संबंधित शिकायतों की जानकारी जुटाएंगे। इसके जरिए बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की बात कही गई है।

90 विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान

देवलाल नरेटी ने बताया कि 18 अगस्त 2026 से छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा सीटों में “छत्तीसगढ़ जोड़ो” सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और स्थानीय समस्याओं को जनता के बीच से उठाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देती है। पार्टी का दावा है कि इन जनहित के मुद्दों के कारण छत्तीसगढ़ के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी उसका संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।