Spread the love

 

रायपुर, 21 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर के एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने इसे परीक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

AAP का आरोप है कि 20 अगस्त को सुबह 10 बजे होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र करीब 8 बजे छात्रों तक पहुंच गया। मामले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।

अभिषेक मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में पहले भी विभिन्न परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के मामले सामने आते रहे हैं। उन्होंने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से पेपर लीक के स्रोत की तकनीकी जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा की व्यापक समीक्षा की मांग की।

AAP ने प्रभावित छात्रों की परीक्षा पारदर्शी व्यवस्था में दोबारा कराने तथा पूर्व में सामने आए पेपर लीक मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की है।

पार्टी ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़ी परीक्षाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है।