कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय सुरेंद्र सिंह कंवर, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह कोरबा से काम निपटाकर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास सामने से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना की सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस फरार कार और चालक की तलाश कर रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। पुलिस के समझाने और तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये देने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। ग्रामीणों ने सड़क पर पर्याप्त रोशनी और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
