रायपुर, 21 सितंबर। रायपुर उत्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर युवा कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। युवा कांग्रेस उत्तर के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान ने राजा तालाब का निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तालाब के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा और गंदगी दिखाई देने की बात कही गई। संगठन के अनुसार, क्षेत्र में बदबू और मच्छरों की समस्या भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे की आशंका जताई।
नवाज़ खान ने क्षेत्र में विकास कार्यों के दावों पर सवाल उठाते हुए राजा तालाब की तत्काल सफाई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने नगर निगम से तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई तथा स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
