Spread the love

 

रायपुर, 22 सितंबर 2026। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन की रायपुर इकाई ने 21 और 22 सितंबर को उपभोक्ता अधिकारों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान ई-रिक्शा के माध्यम से लोगों को खरीदारी के समय सावधानी बरतने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

अभियान की शुरुआत सदर बाजार से हुई। इसके बाद कार्यकर्ता बूढ़ा तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर, गोल चौक और भारत माता चौक होते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां अभियान का समापन किया गया।

इस दौरान ई-रिक्शा पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए और संगठन के कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों को पंपलेट वितरित कर उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी। लोगों से किसी भी सामान की खरीदारी करते समय बिल जरूर लेने की अपील की गई।

कार्यकर्ताओं ने मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर भी लोगों को सावधान किया। दूध, मिठाई, तेल, मसाले, पनीर समेत अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को शिकायत करने की जानकारी दी गई।

इसके अलावा दुकानदारों को सही नाप-तौल रखने और माप उपकरणों का सत्यापन कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं और व्यापारियों की जागरूकता से बाजार में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

अभियान के दौरान साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी लोगों को सावधान किया गया। नागरिकों से OTP किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और मोबाइल किसी अपरिचित व्यक्ति को नहीं देने की अपील की गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

अभियान में प्रदेश अध्यक्ष खुलेश वर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्या, महिला जिला महासचिव मंजू जायसवाल, महिला जिला कोषाध्यक्ष मैरी फ्रांसीसी सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अभियान का संदेश रहा— “जागरूक हो उपभोक्ता, हमेशा रहे सुख भोगता।”