Spread the love

 

रायपुर, 27 सितंबर 2026। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नरेटी ने अंतागढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर नजरबंद किए जाने और उनके मोबाइल फोन अपने पास रखे जाने के मामले पर सवाल उठाए हैं।

नरेटी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से किस स्थान पर रखा गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी उनके परिजनों और पार्टी पदाधिकारियों को नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लिया गया है, तो कानून के अनुसार उसके परिजनों और संबंधित पक्ष को आवश्यक जानकारी दी जानी चाहिए तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन होना चाहिए।

AAP नेता ने आरोप लगाया कि सरकार को विपक्षी कार्यकर्ताओं को रोकने के बजाय जनता और विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और सवाल पूछने का अधिकार सभी को है।

आम आदमी पार्टी ने मांग की कि अंतागढ़ में कथित रूप से हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं के संबंध में तत्काल स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही, उन्हें कहां रखा गया है और यदि कोई कानूनी कार्रवाई की गई है तो उसकी जानकारी परिजनों एवं पार्टी पदाधिकारियों को दी जाए।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करने और बिना वैधानिक आधार के हिरासत में रखे जाने की स्थिति समाप्त करने की मांग की है।