रायपुर, 14 मई 2026। आम आदमी पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत शुक्रवार को पांच दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। इस दौरान वे प्रदेश के विभिन्न नगर पंचायत चुनाव क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।
इसी क्रम में 15 मई को शाम 4 बजे नगर पंचायत घुमका में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और आगामी नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा होगी।
पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल दो दिन पहले ही राजनांदगांव पहुंच चुके हैं और लगातार चुनावी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने लोकसभा, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर घुमका नगर पंचायत चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा की।
उत्तम जायसवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी घुमका नगर पंचायत में भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में मजबूत दावेदारी पेश करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी काम की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र की जनता के लिए बेहतर विकल्प देने का प्रयास करेगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि नगर पंचायत चुनाव को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत का यह दौरा आगामी चुनावों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
