Spread the love

रायपुर, 28 मई 2026। आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ इकाई के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर सरकार और विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों आंगनबाड़ी केंद्रों में प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा मेडिसिन किट के लिए जारी राशि का सही उपयोग नहीं हो पाया, जिसके कारण करोड़ों रुपए वापस लौटने की स्थिति बनी। उनका कहना है कि प्रदेश के 51 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले करीब 20 लाख बच्चों के लिए जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकीं।

अभिषेक मिश्रा ने आरोप लगाया कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों में फर्स्ट एड किट, सामान्य दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बेहद गंभीर विषय है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मेडिसिन किट के लिए बजट और आवश्यक दवाइयों की सूची पहले से तय होने के बावजूद समय पर खरीदी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। आप नेता के मुताबिक, इसका सीधा असर ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों पर पड़ रहा है, जो आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्भर हैं।

आम आदमी पार्टी ने मामले की न्यायिक जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में जल्द से जल्द मेडिसिन किट उपलब्ध कराने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।