राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी बनाया है।
NIA के अनुसार, जांच में ऐसे सबूत सामने आए हैं जिनसे यह संकेत मिलता है कि हमले की साजिश पाकिस्तान से रची गई थी। एजेंसी ने हाफिज सईद को उसकी व्यक्तिगत भूमिका के साथ-साथ प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के प्रमुख के रूप में भी आरोपी बनाया है।
यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट जम्मू स्थित NIA की विशेष अदालत में दाखिल की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थल से जुटाए गए प्रमाणों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। इससे पहले NIA इस मामले में कई आरोपियों और पाकिस्तानी हैंडलरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब हाफिज सईद का नाम शामिल होने को जांच में एक महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और NIA का कहना है कि यदि आगे और सबूत मिलते हैं तो अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
