Spread the love

 

मुंबई। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) ने महाराष्ट्र में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संगठन के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष भुषण देशमुख की अनुशंसा तथा राष्ट्रीय सचिव प्रवीण खड़े की सहमति से महाराष्ट्र के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ वानखेडे को विदर्भ क्षेत्र के जिलों में संगठन के विस्तार एवं गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

संगठन के अनुसार, सिद्धार्थ वानखेडे अब विदर्भ क्षेत्र के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने, जिला स्तर की इकाइयों को सक्रिय करने तथा श्रमिक हितों से जुड़े कार्यक्रमों का समन्वय करेंगे। साथ ही वे क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों को गति देने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने का कार्य भी करेंगे।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सिद्धार्थ वानखेडे के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संगठन को मिलेगा तथा विदर्भ क्षेत्र में भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल का जनाधार और प्रभाव और अधिक मजबूत होगा।

भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रजेश शर्मा ने सिद्धार्थ वानखेडे को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन श्रमिकों के अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई जिम्मेदारी के साथ संगठन का विस्तार और जनसंपर्क अभियान अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा।