Spread the love

 

प्रेस विज्ञप्ति
मोहदी स्थित छत्तीसगढ़ महतारी अंगना में नशाखोरी एवं जुआ गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने थाना धरसींवा में सौंपा आवेदन
धरसींवा, 09 जुलाई 2026।
धरसींवा खंड के ग्राम मोहदी स्थित छत्तीसगढ़ महतारी अंगना में लगातार बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों में गहरी चिंता व्याप्त है। इसी संबंध में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, धरसींवा खंड द्वारा थाना धरसींवा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठनों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम मोहदी के छत्तीसगढ़ महतारी अंगना परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नियमित रूप से नशाखोरी, जुआ एवं अन्य अनुचित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के कारण परिसर का वातावरण दूषित हो रहा है तथा क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंच रही है। इसके साथ ही उक्त स्थान पर गंदगी फैलने से आम ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी अंगना छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा एवं स्वाभिमान का प्रतीक स्थल है। ऐसे स्थान पर नशाखोरी एवं जुए जैसी गतिविधियां होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इसका दुष्प्रभाव आने वाली पीढ़ियों एवं समाज के युवाओं पर पड़ सकता है।
संगठनों ने थाना प्रभारी धरसींवा से मांग की है कि संबंधित स्थान पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में शांति, स्वच्छता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी क्षेत्र के सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे तथा ग्रामीणों के सहयोग से गांव को नशामुक्त एवं स्वच्छ बनाने के लिए प्रयास जारी रखेंगे।
जारीकर्ता:
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, धरसींवा खंड
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, धरसींवा खंड