कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित पंप हाउस बस्ती में घर के बाहर शराब पीने का विरोध करना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। कुछ युवकों ने विरोध से नाराज होकर मकान मालिक पर रॉड, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर शाम 10 से 12 युवक एक मकान के पास बैठकर शराब पी रहे थे। घर के लोगों ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। इस बात से नाराज युवकों ने पहले विवाद किया और फिर देखते ही देखते हिंसक हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने मकान मालिक पर रॉड, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल व्यक्ति किसी तरह देर रात खून से सने कपड़ों में सीएसईबी चौकी पहुंचा, जहां उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
