रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में रायपुर की युवा निशानेबाज शिफा ख्वाजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (गोल्ड) और एक रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
यह प्रतियोगिता 11 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक रायपुर के चौथी वाहिनी, माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के 50 मीटर प्रोन इवेंट में शिफा ख्वाजा ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
रायपुर के सड्डू क्षेत्र की निवासी शिफा ख्वाजा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच शक्ति चंद्र, निशांत झा तथा अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और प्रशिक्षकों के लगातार मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
शिफा के पिता अफरोज ख्वाजा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से जुड़े हुए हैं। वहीं उनके बड़े भाई अयान ख्वाजा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। अयान ने ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन किया है।
शिफा ख्वाजा की इस सफलता को प्रदेश के खेल जगत के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
