रायपुर, 29 जुलाई। NEET परीक्षा को लेकर छात्रों के आंदोलन और उस दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मैग्नेटो मॉल की बहुमंजिला पार्किंग से एक बड़ा बैनर लटकाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस के उत्तर विधानसभा अध्यक्ष नवाज खान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने “अमित शाह इस्तीफा दो” और “छात्रों पर लाठियों का जिम्मेदार कौन?” जैसे नारे लिखे बैनर प्रदर्शित किए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ हुई घटनाओं ने देशभर के युवाओं में आक्रोश पैदा किया है। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से निकाले गए कैंडल मार्च पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए केंद्र सरकार से पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
